Police Uniform Misuse
मसूरी। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के चलते मसूरी में बढ़ते यातायात दबाव के बीच दून पुलिस का ऑपरेशन प्रहार लगातार सख्ती के साथ जारी है। इसी अभियान के तहत मसूरी पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया, जो अपने पिता की पुलिस वर्दी और पी-कैप के दम पर रौब झाड़ने की कोशिश कर रहा था।
लाइब्रेरी चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस को एक वैगनआर कार संदिग्ध हालत में दिखाई दी। कार के डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप और पीछे हैंगर में उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी हुई थी। शक होने पर पुलिस ने वाहन रोककर जांच की तो चालक विनय सिंह निवासी मेरठ नशे की हालत में वाहन चलाता मिला। कार में उसके तीन अन्य साथी भी सवार थे।
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक हैं। टोल टैक्स, पार्किंग शुल्क और अन्य जगहों पर पुलिस विभाग से जुड़ा होने का फायदा उठाने के लिए वह अपने पिता की वर्दी और पी-कैप गाड़ी में रखकर चलता था।
मसूरी पुलिस ने युवक के खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों के उल्लंघन में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया।
अभियान के दौरान पुलिस ने काली फिल्म लगी गाड़ियों पर भी कार्रवाई की और सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के चालान काटे। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यातायात नियमों का पालन करें तथा वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।
कोतवाली मसूरी द्वारा की गई कार्यवाही का विवरण
कुल चालान : 98
नो पार्किंग चालान : 67
ब्लैक फिल्म चालान : 01
खतरनाक ढंग से वाहन चलाने पर चालान रू 05
ड्रिंक एंड ड्राइव में 01 कार सीज
03 दोपहिया वाहन सीज
यातायात नियम उल्लंघन के 21 चालान
कुल संयोजन शुल्क व जुर्माना रू ₹18,000 से अधिक
