युवक की हत्या करने वाले उसके छोटे भाई को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार

Subodh Bhatt
4 Min Read
Highlights
  • नशे और फिजूलखर्ची पर टोकाटाकी बनी हत्या की वजह, पिता के खाते से 10 लाख रुपये निकालने को लेकर था विवाद
  • पुलिस को गुमराह करने के लिए शव हाईवे पर रखकर कराया प्रदर्शन, सड़क जाम मामले में भी मुकदमा दर्ज

Dehradun Murder Case

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के भुड्डी गांव में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि नशे और फिजूलखर्ची को लेकर अक्सर बड़े भाई की डांट-फटकार से नाराज आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से अपने ही भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने खुद को पीड़ित दिखाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावरों की झूठी कहानी गढ़ी तथा शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन भी कराया।

रविवार रात कोतवाली पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि भुड्डी गांव में एक युवक को घर में घुसकर अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी है। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सोहेल हारून (24) पुत्र अब्दुल हारून निवासी भुड्डी गांव के रूप में हुई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस को पता चला कि घर के कैमरों की रिकॉर्डिंग जानबूझकर हटाई गई थी और घटना के समय कोई बाहरी व्यक्ति घर में प्रवेश नहीं किया था। इसी दौरान घर के बाथरूम से एक देशी पिस्टल भी बरामद हुई।

मृतक के छोटे भाई शाहिद हारून से पूछताछ में विरोधाभासी बयान मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने बड़े भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया।

10 लाख रुपये निकालने के विवाद ने ली जान

पुलिस के अनुसार आरोपी शाहिद नशे का आदी है और अपने शौक पूरे करने के लिए परिवार से लगातार पैसे मांगता था। कुछ समय पहले उसने अपने पिता के एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर उनके खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए थे और उन्हें खर्च कर दिया था। इस बात की जानकारी होने पर बड़े भाई सोहेल ने उसकी पिटाई की थी। इसी अपमान और नाराजगी के चलते शाहिद ने हत्या की साजिश रची।

आरोपी ने घटना से दो दिन पहले घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी थी। रविवार रात उसने घर में मौजूद देशी पिस्टल से सोहेल को गोली मार दी और हथियार बाथरूम में छिपा दिया। बाद में उसने परिचितों को अज्ञात हमलावरों की झूठी कहानी सुनाई और भाई को अस्पताल ले जाकर खुद को बेगुनाह साबित करने की कोशिश की।

शव रखकर कराया हाईवे जाम

हत्या के बाद आरोपी ने गांव के लोगों को उकसाकर देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन कराया। पुलिस का कहना है कि इसका उद्देश्य जांच को भटकाना और खुद को पीड़ित के रूप में पेश करना था। इस मामले में शाहिद समेत अन्य नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ सड़क जाम और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपी शाहिद हारून (21) निवासी भुड्डी गांव, पटेलनगर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *